बलौदाबाजार। जिले के पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम देवासंद्र में किराना दुकान की आड़ में अवैध रूप से शराब बेचने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब, देसी मसाला शराब और बीयर जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 19 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, ग्रामीणों और ग्राम सरपंच की ओर से लगातार शिकायत मिल रही थी कि गांव में स्थित एक किराना दुकान से अवैध शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी परिवेश तिवारी के निर्देशन में सहायक उपनिरीक्षक राजेश सेन एवं पुलिस टीम ने दुकान पर छापेमारी की।

तलाशी के दौरान दुकान के भीतर प्लास्टिक की बोरी में छिपाकर रखी गई 98 पाव अंग्रेजी शराब, 42 पाव देसी मसाला शराब और सिंबा ब्रांड की 5 बीयर बरामद हुई। पुलिस ने मौके से पूरी खेप जब्त कर ली।

जांच में दुकान संचालक सुरेश वर्मा और उसके पुत्र वेद वर्मा की अवैध शराब कारोबार में संलिप्तता सामने आने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।