बिलासपुर, 4 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने अपनी 65 वर्षीय दादी की कथित तौर पर हत्या कर दी। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम लोहर्सी में बुजुर्ग महिला ने पोते को देर रात घर से बाहर घूमने से मना किया था। इसी बात से नाराज होकर युवक ने खाट के लकड़ी के पाए से उनके सिर पर कई वार कर दिए। घटना के बाद आरोपी ने खुद अपने पिता और रिश्तेदारों को फोन कर हत्या की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


दादी के साथ घर में अकेला रहता था पोता

जानकारी के अनुसार, ग्राम लोहर्सी के सतनामीपारा निवासी 65 वर्षीय नरबदा बाई कोशले अपने पोते मृत्युंजय उर्फ बब्बू कोशले के साथ रहती थीं। उनके पति तिरिथराम कोशले का पहले ही निधन हो चुका था।

नरबदा बाई का बेटा साजन कोशले परिवार के साथ रोजगार के सिलसिले में ऊंटी गया हुआ था। ऐसे में घर में दादी और पोता ही रहते थे।

बताया जा रहा है कि मृत्युंजय अक्सर देर रात तक घर से बाहर रहता था। इस आदत को लेकर उसकी दादी उसे समझाती थीं और गलत संगत से दूर रहने की सलाह देती थीं।


बाहर जाने से रोका तो सिर पर किए कई वार

पुलिस के अनुसार, घटना की रात भी नरबदा बाई ने अपने पोते को देर रात बाहर जाने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।

आरोप है कि बार-बार की रोकटोक से नाराज मृत्युंजय ने घर में रखे खाट के लकड़ी के पाए से दादी के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई।


हत्या के बाद कमरे में बंद होकर बैठा रहा आरोपी

वारदात के बाद आरोपी ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद उसने अपने पिता साजन कोशले और दादी के भाई भगवत महिलांगे को फोन कर घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही भगवत महिलांगे घर पहुंचे। दरवाजा बंद होने पर उन्होंने खिड़की से भीतर झांककर देखा, जहां नरबदा बाई मृत अवस्था में पड़ी थीं।

इसके बाद तत्काल डायल 112 और पचपेड़ी पुलिस को सूचना दी गई।


पुलिस पहुंची तो खुद बाहर आया आरोपी

घटना की सूचना मिलने पर पचपेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के आवाज देने पर आरोपी ने दरवाजा खोला और बाहर आ गया।

पुलिस ने आरोपी मृत्युंजय उर्फ बब्बू कोशले को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मृतका के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।


पारिवारिक विवाद के अन्य पहलुओं की जांच जारी

पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, देर रात बाहर घूमने से रोकने को लेकर दादी और पोते के बीच विवाद हुआ था।

फिलहाल पुलिस घटना के पीछे के अन्य कारणों और परिस्थितियों की भी पड़ताल कर रही है।