रायपुर। अग्रवाल सभा रायपुर के मार्गदर्शन में अग्रवाल युवा मंडल, अग्रवाल युवती मंडल और अग्रवाल महिला मंडल की ओर से रविवार को भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। श्रद्धा और भक्ति से ओत-प्रोत इस यात्रा में 500 से अधिक शिवभक्त शामिल हुए और भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी अटूट आस्था प्रकट की।

यात्रा का शुभारंभ अग्रवाल सभा रायपुर के अध्यक्ष विजय अग्रवाल ने श्रद्धालुओं को कांवड़ भेंट कर तथा भगवान शिव का आशीर्वाद लेकर किया। उन्होंने सभी कांवड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित और अनुशासित यात्रा की कामना की।

अग्रवाल युवा मंडल के अध्यक्ष सीएस सौरभ अग्रवाल ने कहा कि समाज के सभी वर्गों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने इस आयोजन को यादगार बना दिया। युवा, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में यात्रा से जुड़े। पूरे मार्ग में 'हर-हर महादेव' के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

यात्रा का प्रमुख आकर्षण रायपुर की प्रसिद्ध शिव तांडव टोली रही। टोली के कलाकारों ने ऊर्जावान तांडव नृत्य की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। डमरू की गूंज, शिव भजनों और तांडव की प्रस्तुति ने पूरे आयोजन को शिवमय बना दिया।

अग्रवाल युवती मंडल की अध्यक्ष कंचन अग्रवाल ने कहा कि महिलाओं और युवतियों की सक्रिय भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में संस्कार, सेवा और सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

अग्रवाल युवा मंडल के महामंत्री वेदांत अग्रवाल ने बताया कि पूरी यात्रा का संचालन सुनियोजित ढंग से किया गया। स्वयंसेवकों और विभिन्न समितियों ने अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रही।

हरीश केड़िया और मुक्तेश अग्रवाल के नेतृत्व में अग्रवाल युवा मंडल एवं अग्रवाल युवती मंडल के पदाधिकारियों और सदस्यों ने आयोजन की सभी व्यवस्थाओं का सफल संचालन किया। कार्यकर्ताओं ने कई दिनों की तैयारी और समर्पण से इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

यात्रा का समापन महादेव घाट स्थित हटकेश्वर महादेव मंदिर में हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का विधिवत जलाभिषेक, पूजा-अर्चना और आरती की। सभी ने सुख-समृद्धि और समाज की खुशहाली की कामना की। पूजा के बाद मंदिर परिसर में महाप्रसाद का वितरण भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

अग्रवाल युवा मंडल के मीडिया प्रभारी उदित अग्रवाल ने बताया कि समाज के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शिवभक्तों के सहयोग से कांवड़ यात्रा भव्य, अनुशासित और सफल रही। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने वाले सभी सहयोगियों, स्वयंसेवकों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी समाज इसी तरह धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के माध्यम से सेवा, संस्कार और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देता रहेगा।