तिल्दा-नेवरा। ग्राम पंचायत तुलसी में गोठान परिसर के विकास और संरक्षण को लेकर शुरू किए गए प्रस्तावित व्यावसायिक परिसर निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। पंचायत प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग बिना तथ्य के भ्रामक प्रचार कर ग्रामीणों को गुमराह कर रहे हैं। मामले में पंचायत ने नेवरा थाने में लिखित शिकायत देकर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

सरपंच गुलाब आडील, उपसरपंच मनीषा वर्मा और पंचायत प्रतिनिधियों ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि गोठान परिसर में प्रस्तावित दुकानों का निर्माण नियमानुसार प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही किया जाएगा। इन दुकानों से मिलने वाली आय का उपयोग गोठान में गौवंश के संरक्षण, संवर्धन और अन्य विकास कार्यों पर किया जाएगा।

पंचायत का कहना है कि कुछ लोग यह अफवाह फैला रहे हैं कि व्यावसायिक परिसर की दुकानें लाखों रुपये में बेची जा रही हैं और इसके नाम पर धन की मांग की जा रही है। प्रतिनिधियों ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि अभी तक निर्माण कार्य भी शुरू नहीं हुआ है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि सोमती जांगड़े नाम की महिला द्वारा कथित शिकायत किए जाने की बात सामने आई है, जबकि पंचायत का दावा है कि उन्हें इस नाम की महिला के बारे में कोई जानकारी नहीं है। पंचायत ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

आवेदन में बताया गया है कि व्यावसायिक परिसर के निर्माण का निर्णय ग्राम सभा की सहमति और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ ग्रामीणों की सहमति से लिया गया है। पंचायत का कहना है कि कुछ लोग बिना कारण उसकी छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं, जिनके खिलाफ कार्रवाई आवश्यक है।

पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार, ग्राम पंचायत की शासकीय भूमि पर लगातार अवैध कब्जे की कोशिशें हो रही हैं। इन्हीं पर रोक लगाने और ग्राम विकास को गति देने के उद्देश्य से व्यावसायिक परिसर विकसित करने की योजना बनाई गई है।

इसके अलावा पंचायत ने प्रेस क्लब तिल्दा-नेवरा के अध्यक्ष को भी ज्ञापन सौंपकर अनुरोध किया है कि किसी भी सूचना के प्रकाशन से पहले तथ्यों और पूरी प्रक्रिया की जांच अवश्य की जाए, ताकि अफवाहों पर आधारित खबरों से बचा जा सके।