रायगढ़ पुलिस ने शक्कर की बोरी में GPS ट्रैकर लगाकर चोरों को दबोचा, सरकारी राशन दुकानों से लगातार हो रही थी चोरी; क्रेटा और इनोवा कार समेत बड़ी मात्रा में राशन बरामद

रायगढ़, 28 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गरीबों के लिए आवंटित सरकारी राशन की चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुसौर पुलिस ने शक्कर की बोरी में जीपीएस ट्रैकर लगाकर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की। पुलिस ने चोरी की वारदातों में शामिल चार आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले एक व्यक्ति समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 115 बोरी चावल, दो बोरी शक्कर और दो कार सहित करीब 38 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।


सरकारी राशन दुकानों को लगातार बना रहे थे निशाना

पुसौर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पिछले कुछ समय से शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। आरोपी रात के अंधेरे में दुकानों के ताले तोड़कर चावल और शक्कर की बोरियां चोरी कर फरार हो जाते थे।

लगातार हो रही वारदातों से परेशान राशन दुकान संचालकों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने चोरों को पकड़ने के लिए विशेष योजना तैयार की।


शक्कर की बोरी में छिपाया GPS, चोरों को नहीं लगी भनक

पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए तकनीक का सहारा लिया। इसके तहत एक सरकारी राशन दुकान में शक्कर की बोरी के भीतर जीपीएस ट्रैकर छिपाकर रखा गया।

25 और 26 अक्टूबर की दरमियानी रात आरोपियों ने ग्राम कोतमरा की राशन दुकान में चोरी की। इस दौरान वे जीपीएस ट्रैकर लगी शक्कर की बोरी भी अपने साथ ले गए। आरोपियों को इस बात की भनक तक नहीं लगी कि पुलिस उनकी लोकेशन पर नजर रख रही है।


GPS लोकेशन का पीछा करते हुए पत्थलगांव पहुंची पुलिस

चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस ने जीपीएस ट्रैकर की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। ट्रैकर से मिली लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम रायगढ़ से धरमजयगढ़ होते हुए जशपुर जिले के पत्थलगांव पहुंची।

यहां पुलिस को राशन दुकान संचालक सेवाल कुजूर के पास ट्रैकर लगी शक्कर की बोरी मिली। पूछताछ में अन्य आरोपियों के नाम सामने आने के बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया।


पांच आरोपी गिरफ्तार, तीन चोरियों का खुलासा

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सेवाल कुजूर (52), समीर आलम (26), मोहम्मद हफीज (26), संतोष कुमार माहेश्वरी (33) और डमरूधर खूंटे (36) के रूप में हुई है।

पुलिस का कहना है कि चार आरोपी चोरी की वारदातों में शामिल थे, जबकि एक आरोपी चोरी का राशन खरीदता था। पूछताछ में पुसौर थाना क्षेत्र की तीन चोरी की घटनाओं में आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है।


115 बोरी चावल और दो कार समेत 38.60 लाख की संपत्ति जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 115 बोरी चावल और दो बोरी शक्कर बरामद की है। जब्त राशन की अनुमानित कीमत तीन लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।

इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल क्रेटा और इनोवा कार भी जब्त की गई हैं। दोनों वाहनों की कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 38 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।


गिरोह के अन्य साथियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ चोरी, नकबजनी, चोरी की संपत्ति खरीदने और संगठित अपराध से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है।

जांच में गिरोह के अन्य लोगों से जुड़े होने की आशंका भी सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने किन-किन राशन दुकानों को निशाना बनाया और चोरी का अनाज कहां-कहां बेचा गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने सरकारी राशन दुकानों में चोरी करने वाले गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।



युवा छत्तीसगढ़ – आपकी आवाज़, आपकी पहचान।

वेबसाइट: https://www.yuvacg.com/