रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में स्थित मां शिवा स्टील प्लांट में बुधवार को बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। प्लांट के इंडक्शन फर्नेस में अचानक तेज बॉयलिंग होने से चार श्रमिक उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। इनमें दो श्रमिकों की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, रोज की तरह श्रमिक प्लांट में अपने-अपने कार्य में जुटे हुए थे। इसी दौरान इंडक्शन फर्नेस में अचानक उबाल (बॉयलिंग) की स्थिति बनने से गर्म धातु का छींटा बाहर आ गया। इसकी चपेट में आकर प्रमोद सोनी, चौखर सिंह, शनि सिंह और गुड्डू गंभीर रूप से झुलस गए।

हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। अन्य कर्मचारियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घटना की सूचना प्लांट प्रबंधन के साथ पुलिस को दी। सभी घायलों को तत्काल जिंदल फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां दो श्रमिकों का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है।

यह हादसा पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में स्थित मां शिवा स्टील प्लांट का है। सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस और औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी।

औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के उप संचालक राहुल पटेल ने बताया कि इंडक्शन फर्नेस में अचानक बॉयलिंग होने के कारण चार श्रमिक झुलस गए हैं। इनमें दो की हालत गंभीर है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।