बिलासपुर। कॉलेज जा रहे एक छात्र की मदद करना उसके लिए मुसीबत बन गया। लिफ्ट मांगने वाले युवक ने पहले छात्र की बाइक पर सवारी की, फिर रास्ते में अपने साथी को भी बैठा लिया। इसके बाद सुनसान इलाके में दोनों ने छात्र की बेरहमी से पिटाई कर मोबाइल, ईयरबड्स, नकदी और मोटरसाइकिल लूट ली। सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया सामान बरामद कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, 27 जुलाई 2026 को मुंगेली नाका निवासी सूरज कुमार श्याम (18) अपने मित्र योगेश कुमार की होंडा शाइन मोटरसाइकिल (सीजी 16 सीयू 2410) से कॉलेज जा रहा था। इसी दौरान डीएलएस कॉलेज रोड स्थित अशोक नगर चौक के पास एक युवक ने उससे लिफ्ट मांगी। छात्र के बाइक रोकते ही वह पीछे बैठ गया।

आरोप है कि कुछ दूर जाने के बाद युवक ने छात्र पर आगे चलने का दबाव बनाया और मना करने पर जान से मारने की धमकी दी। मुरूम खदान के पास उसने अपने साथी चेतन पाल को भी बाइक पर बैठा लिया। इसके बाद शिव मंदिर के समीप दोनों आरोपियों ने छात्र के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ, मुक्कों, लातों व पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में छात्र के सिर पर गंभीर चोट आई।

मारपीट के बाद आरोपी छात्र का रेडमी मोबाइल फोन, बोट कंपनी के ईयरबड्स, 200 रुपये नकद और मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 9 हजार रुपये बताई गई है।

पीड़ित की शिकायत पर सरकंडा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(3), 309(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर दोनों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने वारदात करना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और ईयरबड्स बरामद कर जब्त कर लिए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस राज उर्फ जानू (29), निवासी तिफरा, यदुनंदन नगर, थाना सिरगिट्टी, और चेतन पाल (25), निवासी अशोक नगर, डीएलएस कॉलेज के पास, थाना सरकंडा, बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।