बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के एक होटल के कमरे में 23 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान शिव शंकर शर्मा (23), पिता नंदलाल शर्मा, निवासी सरकंडा के रूप में हुई है। वह एक निजी कंपनी में कार्यरत था। बताया गया कि उसने होटल इंटरसिटी में एक कमरा बुक कराया था। कुछ देर बाद होटल कर्मियों को कमरे के अंदर उसका शव फंदे से लटका मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों और संबंधित लोगों से पूछताछ कर मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।





