रायगढ़। जिले में फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन क्लीन हंट' के तहत पूंजीपथरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एनडीपीएस एक्ट के मामले में कई महीनों से फरार चल रहे आरोपी चन्द्रमणी उर्फ चिंतामणी यादव (35) को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल की गई i20 कार (CG13BH5917) भी जब्त कर ली है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में 23 अप्रैल 2026 को आरोपी के दो साथियों को गांजा तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया गया था, जबकि चन्द्रमणी पुलिस की घेराबंदी का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया था।

23 अप्रैल को हुई थी कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक, मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम तुमीडीह के महुआ चौक स्थित पठान कॉलोनी के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की थी। इस दौरान i20 कार में सवार खिरोधर यादव और पुरुषोत्तम यादव को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि तीसरा आरोपी चन्द्रमणी कार लेकर फरार हो गया था।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 2.728 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 24,500 रुपये, तथा गांजा बिक्री से प्राप्त 5,000 रुपये नकद बरामद किए गए थे। पुलिस ने कुल 29,500 रुपये की जब्ती कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया था।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हुई गिरफ्तारी

मामले की जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी पुरुषोत्तम यादव ने पूछताछ में बताया कि फरार आरोपी चन्द्रमणी ही गांजा बेचने के उद्देश्य से उनके साथ आया था और पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से भाग निकला था। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाकर उसकी संलिप्तता की पुष्टि की और लगातार उसकी तलाश जारी रखी।

'ऑपरेशन क्लीन हंट' के तहत आरोपी के गांव पहुंचने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने गांजा तस्करी में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली, जिसके बाद तस्करी में इस्तेमाल की गई i20 कार भी जब्त कर ली गई।

अभियान रहेगा जारी

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा और पूंजीपथरा थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस का कहना है कि 'ऑपरेशन क्लीन हंट' के तहत फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून से बचने की कोशिश करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।