रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए राज्य के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
सबसे दर्दनाक हादसा राजनांदगांव जिले के सोमनी क्षेत्र में हुआ। यहां बारिश से बचने के लिए सड़क किनारे टीन शेड के नीचे खड़े लोगों पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इस हादसे में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में स्कूली छात्र भी शामिल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में सक्रिय मानसूनी सिस्टम के कारण कई जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव दलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।





