ढाका/रंगपुर। बांग्लादेश के रंगपुर में एक बंद मकान से एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतकों में सेवानिवृत्त स्कूल शिक्षक, उनकी पत्नी, बेटी और 12 वर्षीय बेटा शामिल हैं। घटना सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

मृतकों की पहचान गणपति चक्रवर्ती ज्वेल (65), उनकी पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती बाला (50), बेटी कंडी चक्रवर्ती (25) और बेटे प्रियम चक्रवर्ती (12) के रूप में बताई गई है। परिवार अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय से था।


अलग-अलग स्थानों पर मिले शव

बताया जा रहा है कि मकान कुछ समय से बाहर से बंद था। घर के अंदर से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ, जिसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस के पहुंचने पर घर के अलग-अलग हिस्सों से चारों शव बरामद किए गए।

सेवानिवृत्त शिक्षक का शव मकान की छत पर मिला, जबकि उनकी पत्नी और बेटी के शव सीढ़ियों के पास पाए गए। 12 वर्षीय बेटे का शव कथित तौर पर बेड के नीचे से बरामद किया गया।


महिला और बेटी से दुष्कर्म का दावा, जांच जारी

मामले में महिला और उनकी बेटी के साथ हत्या से पहले दुष्कर्म किए जाने का भी दावा किया गया है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम निष्कर्ष फोरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही स्पष्ट होगा। पुलिस और अपराध जांच विभाग (CID) की फोरेंसिक टीम पूरे मामले की जांच कर रही है।

रंगपुर मेट्रोपॉलिटन पुलिस कमिश्नर (DIG) मोहम्मद अब्दुल माबूद के मुताबिक, पुलिस घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है। वहीं, कोतवाली पुलिस स्टेशन के प्रभारी नजमुल कादेर ने बताया कि मौत के समय और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।