रायपुर। छत्तीसगढ़ में साइबर ठगों ने अब नेताओं को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। कांग्रेस के पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह का व्हाट्सऐप अकाउंट हैक होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि साइबर ठग उनके नाम से परिचितों और समर्थकों को मैसेज भेजकर UPI के जरिए 28 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। मामला सामने आने के बाद पूर्व विधायक ने रायपुर पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है।

'एक हेल्प चाहिए थी' लिखकर शुरू करते हैं बातचीत

जानकारी के मुताबिक, हैकर पूर्व विधायक के व्हाट्सऐप अकाउंट से उनके परिचितों को मैसेज भेज रहा है। बातचीत की शुरुआत सामान्य तरीके से 'Hello' और 'एक हेल्प चाहिए थी' जैसे संदेशों से की जा रही है। सामने से जवाब मिलने के बाद अचानक पैसों की जरूरत बताई जाती है।

हैकर मैसेज में दावा करता है कि उसका UPI फिलहाल काम नहीं कर रहा है और उसे तत्काल 28 हजार रुपये की जरूरत है। रकम भेजने के लिए QR कोड भी भेजा जा रहा है।

रात 8 बजे तक पैसे लौटाने का कर रहा वादा

लोगों को भरोसे में लेने के लिए हैकर रकम रात 8 बजे तक वापस करने का दावा भी कर रहा है। पूर्व विधायक के नंबर से पैसे मांगने के मैसेज मिलने पर कुछ परिचितों को संदेह हुआ। उन्होंने सीधे बृहस्पति सिंह से संपर्क किया, जिसके बाद व्हाट्सऐप अकाउंट हैक होने का पता चला।

बृहस्पति सिंह ने लोगों को किया सतर्क

मामले की जानकारी मिलने के बाद बृहस्पति सिंह ने लोगों से उनके नाम पर आने वाले किसी भी संदिग्ध मैसेज पर भरोसा नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बिना पुष्टि किए किसी QR कोड को स्कैन न करें और न ही किसी खाते या UPI आईडी पर पैसे ट्रांसफर करें।

पूर्व विधायक की शिकायत पर रायपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की मदद से हैकर का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

पहले भाजपा नेताओं के अकाउंट भी हो चुके हैं हैक

यह पहला मामला नहीं है जब छत्तीसगढ़ में किसी राजनीतिक नेता के व्हाट्सऐप अकाउंट को साइबर ठगों ने निशाना बनाया हो। इससे पहले गरियाबंद जिले में भाजपा के कई नेताओं के व्हाट्सऐप अकाउंट हैक किए जाने के मामले भी सामने आ चुके हैं।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि परिचित व्यक्ति के नंबर से अचानक पैसे मांगने का मैसेज आए तो भुगतान करने से पहले संबंधित व्यक्ति से फोन पर संपर्क कर पुष्टि जरूर करें। संदिग्ध मैसेज या ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।