मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में निर्माणाधीन स्कूल भवन से सरिया चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। डिंडौरी चौकी पुलिस ने मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी किए गए 20 बंडल सरिया और वारदात में इस्तेमाल ट्रैक्टर जब्त किया गया है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 3.44 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

निर्माण स्थल को बनाया निशाना, रातोंरात गायब किया सरिया

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लीलापुर में आरजे कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा हाई स्कूल भवन का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के लिए परिसर में सरिया रखा गया था। इसी बीच 9 और 10 अक्टूबर की दरम्यानी रात चोरों ने निर्माण स्थल पर धावा बोलकर सरिया पार कर दिया।

घटना की जानकारी मिलने पर लोरमी निवासी विवेक सिंह ने डिंडौरी चौकी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में 24 बंडल सरिया चोरी होने का उल्लेख किया गया था, जबकि जांच के दौरान 20 बंडल सरिया चोरी होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की।

ट्रैक्टर से ढोया गया चोरी का सरिया, जांच में खुली पोल

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आरोपितों को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने घटनास्थल से मिले सुराग और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारियों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि चोरी किए गए सरिया को ट्रैक्टर की मदद से ले जाया गया था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कबीरधाम जिले के पंडरिया इलाके में दबिश दी और संदिग्ध रवि कुमार धुर्वे को हिरासत में लिया।

पूछताछ के बाद चार अन्य आरोपित भी चढ़े पुलिस के हत्थे

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में रवि कुमार धुर्वे ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने अन्य चार आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रवि कुमार धुर्वे (27), शुभम सिंह धुर्वे (25), जय कुमार पोर्ते (27), राहुल सिंह धुर्वे (24) और विरेन्द्र कुमार मरकाम (22) के रूप में हुई है। सभी आरोपित कबीरधाम जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

84 हजार का सरिया और 2.60 लाख का ट्रैक्टर जब्त

आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने 84 हजार 435 रुपये कीमत के 20 बंडल सरिया बरामद किए। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल स्वराज 735 ट्रैक्टर भी जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 60 हजार रुपये है।

पुलिस ने कुल 3 लाख 44 हजार 435 रुपये की संपत्ति जब्त की है। सभी पांच आरोपितों को 12 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस की कार्रवाई से चोरी की वारदात का खुलासा

इस कार्रवाई में डिंडौरी चौकी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई जांच के बाद आरोपितों तक पहुंचने में सफलता मिली। फिलहाल पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपितों को जेल भेज दिया है।