बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में ग्राम सरपंच को दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की कथित साजिश का खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में आरोप बेबुनियाद पाए जाने के बाद एक युवती समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, कसडोल थाना क्षेत्र की रहने वाली 18 वर्षीय युवती ने ग्राम कटगी के सरपंच जयसिंह पैकरा और एक अन्य व्यक्ति अंजीव जायसवाल पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विस्तृत जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि कथित दुष्कर्म की कोई घटना हुई ही नहीं थी। पुलिस का दावा है कि कुछ लोगों ने पैसों का लालच देकर युवती को झूठी शिकायत दर्ज कराने के लिए तैयार किया था।

जांच में साजिश का खुलासा होने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की। इस मामले में पूनम चौहान, भागवत थवाईत, दीपक थवाईत, शिवा चेलक और विजय तिवारी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की आगे भी जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।