रायपुर। राजधानी रायपुर के जेल रोड स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) के इमरजेंसी (कैजुअल्टी) वार्ड में मंगलवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के बाद पूरे वार्ड में धुआं फैल गया, जिससे मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां और मोहदापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी मरीजों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस और अस्पताल कर्मियों ने ब्लोअर की मदद से वार्ड में भरा धुआं बाहर निकाला।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आग एसी यूनिट या किसी मेडिकल मॉनिटर में तकनीकी खराबी अथवा ब्लास्ट के कारण लगी हो सकती है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह का अभी आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं हुआ है।
अस्पताल प्रशासन और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।





