बिलासपुर, 7 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में न्यायाधीश के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने के बाद पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य को लाइन अटैच कर दिया है। वहीं, नरेश चौहान को सरकंडा थाने की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस कार्रवाई के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
जन्मदिन समारोह में विवाद के बाद बढ़ा था मामला
जानकारी के अनुसार, राजकिशोर नगर इलाके में जन्मदिन समारोह के दौरान देर रात तेज आवाज में ढोल-नगाड़े बजाने और आतिशबाजी करने को लेकर विवाद हुआ था। महासमुंद कुटुंब न्यायालय में पदस्थ न्यायाधीश प्रफुल्ल कुमार सोनवानी ने शोरगुल पर आपत्ति जताई थी। आरोप है कि इसी बात को लेकर कुछ लोगों ने न्यायाधीश और उनके परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की थी।
न्यायाधीश के खिलाफ भी दर्ज हुई थी एफआईआर
घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के साथ ही दूसरे पक्ष की शिकायत पर न्यायाधीश के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की थी। इसके बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे थे।
एसएसपी ने बदला थाना प्रभारी
विवाद के बीच एसएसपी रजनेश सिंह ने प्रदीप आर्य को सरकंडा थाने से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया है। उनकी जगह नरेश चौहान को थाना प्रभारी बनाया गया है। हालांकि, जारी आदेश में बदलाव को प्रशासनिक कारणों से किया गया बताया गया है।
न्यायाधीश के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने और इसके बाद थाना प्रभारी को हटाए जाने की घटनाओं ने पुलिस विभाग की कार्रवाई को चर्चा का विषय बना दिया है। फिलहाल आदेश में दोनों घटनाओं के बीच सीधे संबंध की पुष्टि नहीं की गई है।





