जांजगीर-चांपा, 10 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मुलमुला थाना क्षेत्र के डिघोरा गांव में शराब पीकर आए दिन घर में हंगामा करने वाले बेटे की उसके ही पिता ने टंगिया से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद युवक का शव घर के आंगन में पड़ा मिला। घटना के बाद आरोपित पिता खुद पुलिस थाने पहुंच गया और आत्मसमर्पण कर दिया।

शराब की लत से परेशान था परिवार

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रावेन्द्र मरावी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक शराब पीने का आदी था और नशे की हालत में अक्सर परिवार के सदस्यों से विवाद करता था। आए दिन होने वाले झगड़े और मारपीट से घर के लोग परेशान थे।

पिता-पुत्र के बीच विवाद के बाद वारदात

सोमवार रात रावेन्द्र शराब के नशे में घर पहुंचा। इसी दौरान पिता के साथ उसका विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि पिता ने गुस्से में आकर टंगिया से बेटे पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण युवक लहूलुहान होकर आंगन में गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।

थाने पहुंचकर पिता ने कबूला अपराध

घटना के बाद आरोपित पिता स्वयं मुलमुला थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद को प्रमुख वजह बताया जा रहा है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।