तिल्दा नेवरा। रायपुर जिले के तिल्दा क्षेत्र में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के घर से 51 पाव देशी मसाला शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि ग्राम ताराशिव, वार्ड क्रमांक-02 निवासी संजय वर्मा अपने घर में अवैध रूप से शराब का भंडारण कर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने उसके मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान घर से 51 पाव देशी मसाला शराब (सवा शेरा ब्रांड) बरामद हुई, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। मामले की विवेचना आबकारी उपनिरीक्षक मेधा मिश्रा द्वारा की जा रही है।
यह कार्रवाई सचिव आबकारी रीना बाबा साहेब कंगाले, आबकारी आयुक्त पदुम सिंह एल्मा, रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह के निर्देश तथा प्रभारी उपायुक्त आबकारी डॉ. प्रवीण वर्मा के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक प्रीति कुशवाहा, आबकारी आरक्षक जितेंद्र मिश्रा, अमिताभ ध्रुव, कृष्णकांत गढ़ेवाल, रूपाली तिवारी तथा वाहन चालक रेवाराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





