कवर्धा। कबीरधाम जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र के ग्राम मंझोली में खेत की मेड़ पर लगाई गई करंटयुक्त फेंसिंग तार एक युवक की मौत का कारण बन गई। मक्के की फसल को आवारा मवेशियों से बचाने के लिए लगाए गए बिजली प्रवाहित तार की चपेट में आने से युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


खेत जाते समय करंट की चपेट में आया युवक

जानकारी के अनुसार, ग्राम मंझोली निवासी रामभीषण चंद्रवंशी किसी काम से अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खेत की मेड़ पर लगाए गए फेंसिंग तार के संपर्क में आ गए। तार में प्रवाहित तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पंडरिया थाना पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर जांच शुरू की।


फसल बचाने लगाया गया तार बना जानलेवा

बताया जा रहा है कि मक्के की फसल को जंगली जानवरों और आवारा पशुओं से बचाने के लिए खेत के चारों ओर फेंसिंग की गई थी। इसी फेंसिंग तार में बिजली का करंट प्रवाहित किया गया था, जो युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ।


अवैध तरीके से करंट लगाने वाले की तलाश

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि खेत में करंट प्रवाहित करने के लिए किस व्यक्ति ने व्यवस्था की थी और क्या यह सुरक्षा नियमों के खिलाफ था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने खेतों में इस तरह से करंटयुक्त तार लगाने पर रोक लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।