बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में देर रात प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आयकर विभाग (IT) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पीतल कारोबारी राजकुमार सराफ के घर और कारखाने पर छापा मारा। यह कार्रवाई शहर के गौरव पथ स्थित उनके आवास और व्यावसायिक प्रतिष्ठान पर की गई, जिससे इलाके में देर रात तक हलचल बनी रही।
जानकारी के अनुसार, कारोबारी परिवार के कुछ सदस्य शराब कारोबार से जुड़े होने की बात सामने आ रही है। इसी संबंध में वित्तीय लेन-देन और अन्य दस्तावेजों की जांच के लिए केंद्रीय एजेंसियों ने यह कार्रवाई की है। हालांकि, अधिकारियों ने अब तक छापेमारी के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
छापेमारी के दौरान ED और IT के अधिकारी घर और कारखाने के भीतर दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और वित्तीय रिकॉर्ड की गहन जांच में जुटे रहे। कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस बल को भी सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात किया गया, ताकि जांच प्रक्रिया बिना किसी बाधा के पूरी की जा सके।
सूत्रों के मुताबिक, कारोबारी परिवार की राजनीतिक पहुंच भी बताई जा रही है। इसी वजह से इस कार्रवाई को कथित वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े पहलुओं की जांच के रूप में भी देखा जा रहा है। हालांकि, एजेंसियों ने अभी तक इस संबंध में किसी भी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
फिलहाल ED और आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छापेमारी में क्या दस्तावेज या अन्य साक्ष्य मिले हैं और आगे क्या कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





