रायपुर। राजधानी रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र में एल्यूमिनियम की सीढ़ी की कीमत पूछने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। घटना में फर्नीचर दुकान संचालक और उनके बेटे के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, एमजी रोड स्थित गुरुनानक चौक के पास संचालित नवीन फर्नीचर के संचालक नवीन गुप्ता ने मौदहापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 26 जुलाई की दोपहर करीब 1:30 बजे ग्राहक शीतल कुमार सैनी उनकी दुकान पर एल्यूमिनियम की सीढ़ी खरीदने पहुंचा और उसकी कीमत पूछी।
दाम अधिक होने पर शुरू हुआ विवाद
शिकायत के मुताबिक, कीमत बताए जाने के बाद ग्राहक ने दाम अधिक होने की बात कहते हुए विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान उसने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी।
बीच-बचाव करने पहुंचे बेटे से भी मारपीट
बताया गया कि विवाद बढ़ने पर बीच-बचाव के लिए पहुंचे नवीन गुप्ता के बेटे ऋषभ गुप्ता के साथ भी आरोपी ने मारपीट की। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने ऋषभ के बाल पकड़कर खींचे, जिससे उसके पेट, दोनों हाथों और कोहनी में चोटें आईं। वहीं नवीन गुप्ता के बाएं पैर के अंगूठे और पेट में भी चोट लगने की बात कही गई है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के दौरान दुकान के कर्मचारी मुस्कान कुर्रे और आयुष दानी समेत आसपास मौजूद लोगों को प्रत्यक्षदर्शी बताया गया है। मौदहापारा थाना पुलिस ने आरोपी शीतल कुमार सैनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 296, 115(2) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





