धमतरी। जिले के बहुचर्चित कुरूद चावल कारोबारी हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि मृतक का करीबी कारोबारी दोस्त ही इस सनसनीखेज वारदात का मास्टरमाइंड निकला। पुलिस के अनुसार, व्यवसाय में सफलता और अधिक आमदनी से जलन के चलते आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या की थी।
जानकारी के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को कुरूद थाना क्षेत्र के नारी महानदी पुल पर मुख्य मार्ग के किनारे नीरज साहू (27) निवासी कुंडेल का शव खून से लथपथ हालत में मिला था। मृतक के गले और माथे पर गंभीर चोट के निशान थे। घटनास्थल पर उसकी बोलेरो पिकअप (CG-06-GT-7675) भी खड़ी मिली थी। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस को हत्या की आशंका हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव परीक्षण, घटनास्थल का निरीक्षण, परिजनों और गवाहों के बयान तथा अन्य साक्ष्यों की गहन जांच की। जांच में धारदार हथियार से हत्या की पुष्टि होने पर कुरूद थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर कुरूद थाना, मगरलोड थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, देवचरण पटेल, डीएसपी भानूप्रताप चंद्राकर तथा एसडीओपी रागिनी मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। साथ ही संभावित मार्गों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का शक बिरेंद्र कुमार साहू तक पहुंचा। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह और नीरज साहू दोनों चावल का कारोबार करते थे। मृतक का कारोबार तेजी से बढ़ रहा था और उसकी आय अधिक थी, जिससे वह भीतर ही भीतर ईर्ष्या और रंजिश पाल बैठा था।
पुलिस के मुताबिक, इसी द्वेष के चलते आरोपी ने सुनसान जगह पर नीरज साहू को रोककर कैंची और पाना से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए दोनों हथियार बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी बिरेंद्र कुमार साहू (21), निवासी सांकरा, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।





