धमतरी। भारतीय पुलिस सेवा (IPS) की अधिकारी भावना पांडेय ने सोमवार को धमतरी जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान एसपी सूरज सिंह परिहार ने उन्हें विभागीय प्रक्रिया के तहत कार्यभार सौंपते हुए जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा, संवेदनशील मामलों, विशेष अभियानों और सामुदायिक पुलिसिंग से जुड़ी अहम जानकारियां साझा कीं।
पदभार ग्रहण समारोह में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, एसडीओपी, डीएसपी समेत पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नई पुलिस अधीक्षक का स्वागत किया और उनके नेतृत्व में अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा जनहित आधारित पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने का भरोसा जताया।
अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा होगी सर्वोच्च प्राथमिकता
पदभार संभालने के बाद एसपी भावना पांडेय ने अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त करते हुए कहा कि धमतरी पुलिस की पहली जिम्मेदारी आम नागरिकों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और अपराधों पर त्वरित एवं प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। उन्होंने पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाने और पुलिस-जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों को अनुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही, संवेदनशीलता और सेवा भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि पुलिस विभाग की साख और आमजन का भरोसा और मजबूत हो सके।
कार्यालय का किया निरीक्षण, लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के निर्देश
कार्यभार ग्रहण करने के बाद एसपी भावना पांडेय ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शाखा प्रभारियों से लंबित प्रकरणों, कार्यालयीन व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा लंबित मामलों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण और समयबद्ध कार्य निष्पादन के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की शिकायतों का संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को मजबूत करते हुए नागरिकों के साथ सतत संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया।
एसपी भावना पांडेय ने विश्वास जताया कि धमतरी पुलिस का प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी ईमानदारी, टीमवर्क और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए जिले में उत्कृष्ट, पारदर्शी और जनविश्वास आधारित पुलिसिंग का नया उदाहरण स्थापित करेगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार चतुर्वेदी, एसडीओपी रागिनी मिश्रा, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी मीना साहू, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।





