गरियाबंद। जिले के अमलीपदर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घुमरापदर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां आपसी विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपने ही सगे भाई और जीजा पर तीर-कमान से जानलेवा हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कमार भुंजिया जनजाति के गनसिंह कमार पर उनके सगे भाई रज्जो कमार ने अचानक तीर से हमला कर दिया। हमले में तीर पीड़ित की पीठ में गहराई तक धंस गया और आंतों तक पहुंच गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन घायल को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमलीपदर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल गरियाबंद रेफर कर दिया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उसे रायपुर रेफर किया, जहां उसका उपचार जारी है।
बीच-बचाव करने पहुंचे घायल के जीजा को भी आरोपी ने तीर मारकर घायल कर दिया। उनका भी इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मामला आपसी या जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना के बाद आरोपी रज्जो कमार मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।





