धमतरी। जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला एक विधवा महिला के घर का है, जहां अज्ञात चोर सूने मकान का फायदा उठाकर 28 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, महिला किसी जरूरी काम से घर से बाहर गई हुई थी। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर अलमारी में रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घर लौटने पर सामान बिखरा मिला, जिसके बाद चोरी का पता चला।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।





