गरियाबंद। नगर पंचायत कोपरा में पेयजल, सड़क, नाली, साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नगर पंचायत कार्यालय का घेराव कर स्थानीय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत क्षेत्र में लंबे समय से पेयजल संकट, जर्जर सड़कें, नालियों की खराब स्थिति और साफ-सफाई जैसी मूलभूत समस्याएं बनी हुई हैं। कई बार शिकायत और मांग उठाने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, जिससे लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के बाद कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पाण्डुका थाना पहुंच गए। थाने के बाहर धरना-प्रदर्शन कर उन्होंने पुलिस कार्रवाई का विरोध जताया और इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि जनहित के मुद्दों को उठाने वाले कार्यकर्ताओं पर राजनीतिक दबाव में कार्रवाई की जा रही है। उनका कहना है कि जनता की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि प्रशासन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान देना चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि नगर पंचायत क्षेत्र की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया और विपक्षी कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई जारी रही, तो कांग्रेस आंदोलन को और व्यापक रूप देगी। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
वहीं, पुलिस और प्रशासन की ओर से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए। फिलहाल मामले को लेकर स्थिति सामान्य बनी हुई है।





