रायपुर। बलौदाबाजार हिंसा मामले में जेल में बंद जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रमुख अमित बघेल ने अब सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से जमानत याचिका खारिज होने के बाद उन्होंने विशेष अनुमति याचिका (SLP) दायर की है। मामले में सुप्रीम कोर्ट में जल्द सुनवाई होने की संभावना है।

अमित बघेल की ओर से दायर याचिका में हाईकोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी गई है, जिसमें बलौदाबाजार हिंसा और आगजनी प्रकरण में उन्हें जमानत देने से इनकार कर दिया गया था। हाईकोर्ट ने मामले की गंभीरता और जांच के तथ्यों को देखते हुए उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी।

गौरतलब है कि बलौदाबाजार में हुई हिंसा और आगजनी के मामले में पुलिस ने अमित बघेल को मुख्य आरोपियों में शामिल करते हुए गिरफ्तार किया था। उन पर हिंसा भड़काने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज है। फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में हैं।

अब सभी की नजरें सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर टिकी हैं। यदि शीर्ष अदालत याचिका स्वीकार करती है, तो मामले में अमित बघेल की जमानत पर आगे सुनवाई होगी।