रायपुर। छत्तीसगढ़ में रविवार, 5 जुलाई का दिन कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के नाम रहेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर में डूमरतराई थोक बाजार फेस-2 का लोकार्पण करेंगे। वहीं सरकार के चिंतन शिविर का दूसरा दिन भी आज आयोजित होगा। इसके अलावा राजधानी में विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री करेंगे डूमरतराई थोक बाजार फेस-2 का लोकार्पण

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा विकसित डूमरतराई थोक बाजार फेस-2 के नामकरण एवं लोकार्पण समारोह का आयोजन रविवार शाम 5 बजे किया जाएगा। इस बहुप्रतीक्षित परियोजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के आवास एवं पर्यावरण, वित्त, वाणिज्यिक कर, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री ओ.पी. चौधरी करेंगे।

कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद

समारोह में वन मंत्री केदार कश्यप, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

इसके अलावा विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव, रायपुर महापौर मीनल चौबे, जिला पंचायत रायपुर के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, व्यापारी और गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में शामिल होंगे।

चिंतन शिविर का दूसरा दिन

प्रदेश सरकार के चिंतन शिविर का दूसरा दिन भी रविवार को आयोजित होगा। इस दौरान शासन की विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों, सुशासन, प्रशासनिक सुधार और भविष्य की कार्ययोजना को लेकर वरिष्ठ मंत्री, अधिकारी और जनप्रतिनिधि मंथन करेंगे। कई महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णयों और विकास संबंधी प्रस्तावों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

राजधानी में रक्तदान शिविर का आयोजन

विश्व रक्तदान जागरूकता अभियान के तहत राजधानी रायपुर में रविवार को विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों के इसमें भाग लेने की उम्मीद है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने नागरिकों से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद करने की अपील की है।

रविवार को आयोजित होने वाले ये कार्यक्रम राजधानी के साथ-साथ पूरे प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। प्रशासन ने सभी कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली हैं।