बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रविवार सुबह कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर हुए जानलेवा हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। मॉर्निंग वॉक के दौरान तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन पर डंडों और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
मॉर्निंग वॉक के दौरान घात लगाकर किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्याम कश्यप रोज की तरह रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे तीन अज्ञात हमलावरों ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। आरोपियों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी।
हमले के बाद आरोपी फरार
हमलावरों ने डंडों और धारदार हथियारों से लगातार वार किए और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घायल श्याम कश्यप को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायपुर रेफर कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान और हमले के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। इस घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चिंता का माहौल है।





