रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को दिल्ली दौरे के लिए रवाना हुए। रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय की ओर से आयोजित विभागीय समिट में वे शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समिट में जल संरक्षण, सिंचाई और पेयजल सहित जल संसाधनों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी। छत्तीसगढ़ में जल संरक्षण की दिशा में किए जा रहे कार्यों और राज्य सरकार की पहलों की जानकारी भी समिट में साझा की जाएगी।


जल संरक्षण के कार्यों की देंगे जानकारी

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश में जल संरक्षण और जल संसाधनों के बेहतर उपयोग को लेकर लगातार काम किया जा रहा है। दिल्ली में आयोजित समिट के दौरान छत्तीसगढ़ में चल रहे कार्यों और प्रयासों को देश के सामने रखा जाएगा।


GDP ग्रोथ को लेकर बोले मुख्यमंत्री साय

देश की आर्थिक विकास दर को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि वैश्विक स्तर पर अशांति और अनिश्चितता के माहौल के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था लगातार आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आर्थिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में भारत की GDP ग्रोथ 7.8 प्रतिशत रही। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री मोदी की दूरदृष्टि और निरंतर प्रयासों का परिणाम बताया।