रायपुर। भगवान शिव को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद राजधानी रायपुर में शुक्रवार को विवाद बढ़ गया। मामले को लेकर भाजपा नेताओं ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं छत्तीसगढ़ बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने क्रिश्चियन फोरम के पदाधिकारी अरुण पन्नालाल के घर के बाहर प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। विवाद बढ़ने के बाद पुलिस ने अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार कर लिया। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
घर के बाहर तैनात रहा भारी पुलिस बल
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने अरुण पन्नालाल के घर के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया। प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर नाराजगी जताई और संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गुरुवार को सोशल मीडिया पर हंसराज गोयल नाम के व्यक्ति की ओर से भगवान शिव को लेकर कथित आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने की शिकायत सामने आई थी। आरोप है कि इस पोस्ट पर क्रिश्चियन फोरम के पदाधिकारी अरुण पन्नालाल ने भी आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसके बाद मामला तूल पकड़ गया।
भाजपा नेताओं ने थाने पहुंचकर की कार्रवाई की मांग
मामले को लेकर भाजपा नेताओं और हिंदू संगठनों ने नाराजगी जताई। भाजपा नेता अमित चिमनानी ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना का पवित्र समय माना जाता है। ऐसे समय में भगवान शिव, शिवलिंग और सनातन धर्म के देवी-देवताओं को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।
बजरंग दल ने किया प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ बजरंग दल के जिलाध्यक्ष योगेश सैनी ने भी हिंदू देवी-देवताओं को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने अरुण पन्नालाल पर कई आरोप लगाते हुए पुलिस और प्रशासन से उनकी जांच कर ठोस कार्रवाई करने की मांग की।
फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट और टिप्पणियों की जांच कर रही है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी भी जारी है।





