जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ में बेरोजगार युवक को नामी औद्योगिक कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो लाख रुपये लेने का मामला सामने आया है। इस मामले में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पूजा राठौर पर गंभीर आरोप लगे हैं। युवक की शिकायत के बाद पुलिस प्रशासन ने उन्हें परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलर पद से हटा दिया है।
नौकरी का भरोसा दिलाकर तीन लाख रुपये की मांग
जानकारी के अनुसार, रायपुर के तेलीबांधा निवासी श्रवण गुप्ता लंबे समय से रोजगार की तलाश में था। इसी दौरान भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में उसकी मुलाकात पूजा राठौर से हुई।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पूजा राठौर ने केएसके और प्रकाश इंडस्ट्रीज जैसी कंपनियों में अपनी पहचान होने की बात कहकर नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। इसके एवज में तीन लाख रुपये की मांग की गई।
दो लाख रुपये देने के बाद भी नहीं मिला रोजगार
युवक के मुताबिक, उसने नौकरी मिलने की उम्मीद में पहले डेढ़ लाख रुपये नकद और बाद में 50 हजार रुपये दिए। हालांकि, रकम देने के बाद भी उसे नौकरी नहीं मिली। जब उसने पैसे वापस मांगे तो कथित तौर पर उसे झूठे आपराधिक मामले में फंसाने की धमकी दी गई।
शिकायत पर पुलिस प्रशासन की कार्रवाई
परेशान युवक ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। शिकायत सामने आने के बाद पूजा राठौर को परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलर पद से हटा दिया गया।
फिलहाल ठगी और धमकी के आरोपों की पुष्टि न्यायिक रूप से नहीं हुई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।





