रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने कर्मचारियों के वेतन से राशि काटने और अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। मंडल ने राजनांदगांव की प्लेसमेंट एजेंसी मेसर्स टॉपग्रेड मेनपावर एंड सिक्योरिटी सर्विसेस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की 10 लाख रुपये की परफॉर्मेंस सिक्योरिटी जब्त करते हुए एजेंसी को ब्लैकलिस्ट कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, नया रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल और छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने मानव संसाधन उपलब्ध कराने के लिए संयुक्त निविदा के माध्यम से 1 जुलाई 2023 को एजेंसी के साथ अनुबंध किया था। हाउसिंग बोर्ड में इस निविदा की अवधि मार्च 2026 में समाप्त हो गई थी।
पांच महीने तक वेतन से राशि काटने की शिकायत
अनुबंध की अवधि समाप्त होने के बाद मंडल मुख्यालय में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों ने एजेंसी के खिलाफ शिकायत की। कर्मचारियों का आरोप था कि उनके वेतन से पांच महीने तक सुरक्षा निधि के नाम पर राशि काटी गई। कार्यकाल समाप्त होने के बाद यह रकम लौटाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन भुगतान नहीं किया गया।
मंडल ने शिकायत की जांच कराई तो कर्मचारियों के वेतन से किश्तों में राशि काटे जाने की पुष्टि हुई। बैंक खातों और भुगतान से जुड़े दस्तावेजों की जांच में यह भी सामने आया कि मंडल से प्राप्त राशि की तुलना में कर्मचारियों को कम वेतन दिया गया था।
नोटिस के जवाब में एजेंसी ने मानी कटौती की बात
मंडल ने 30 जुलाई 2026 को एजेंसी को नोटिस जारी किया था। एजेंसी ने 11 अगस्त को दिए जवाब में कर्मचारियों के वेतन से राशि काटे जाने की बात स्वीकार की। शिकायत सामने आने के बाद कर्मचारियों को राशि का भुगतान किए जाने की जानकारी भी जांच में मिली। इसके बाद मंडल ने अनुबंध और निविदा की शर्तों के उल्लंघन को आधार बनाते हुए कार्रवाई की।
मंडल आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने कहा कि प्लेसमेंट कर्मचारियों को निर्धारित पारिश्रमिक और सामाजिक सुरक्षा संबंधी लाभों से वंचित किए जाने की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा। दस्तावेजों, बैंक खातों और भुगतान अभिलेखों की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई है।





