रायपुर। राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर रायपुर उत्तर के भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। विधायक के फेसबुक पोस्ट पर एक युवक द्वारा कथित रूप से अभद्र और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किए जाने के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। वार्ड पार्षद महेश कुमार ध्रुव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि विधायक पुरंदर मिश्रा की फेसबुक पोस्ट पर 10 जुलाई को 'ललित टांडी ललित' नामक फेसबुक अकाउंट से आपत्तिजनक और अशोभनीय टिप्पणी की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस टिप्पणी के जरिए विधायक की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने और उनकी सामाजिक छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया।
पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद संबंधित युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 और 353(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




