रायगढ़ के ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड पर हुई वारदात का पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा, सो रहे व्यक्ति से 700 रुपये लूटकर फरार हुए थे आरोपित
रायगढ़, 26 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में महज बिरयानी खाने के लिए पैसों की जरूरत ने एक व्यक्ति की जान ले ली। ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास पांच दोस्तों ने सो रहे व्यक्ति को लूटने का प्रयास किया। इस दौरान नींद खुलने पर व्यक्ति ने विरोध किया तो आरोपितों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपित 700 रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि चार नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया गया है।
ट्रांसपोर्ट नगर में शव मिलने से फैली सनसनी
घटना जूटमिल थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड की है। 24 अक्टूबर की सुबह यहां एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई गई। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष बताई गई।
बिरयानी खाने के लिए लूट का बनाया प्लान
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि घटना की रात पांच दोस्त एक साथ घूम रहे थे। सभी को बिरयानी खाने के लिए रुपयों की जरूरत थी। इसी दौरान उन्होंने किसी राहगीर या अकेले व्यक्ति से रुपये छीनने की योजना बनाई।
आरोपित ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड पहुंचे, जहां फल दुकान के पास खड़े ट्रक के किनारे एक व्यक्ति सो रहा था। उसे अकेला देखकर आरोपित उसकी जेब से रुपये और मोबाइल निकालने लगे। इसी बीच व्यक्ति की नींद खुल गई और उसने विरोध किया। इस पर एक नाबालिग ने चाकू से हमला कर दिया।
हमले के बाद आरोपित व्यक्ति की जेब से 700 रुपये निकालकर भाग निकले। गंभीर चोट लगने के कारण व्यक्ति की मौत हो गई।
सीसीटीवी फुटेज ने खोला हत्या का राज
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। संदिग्ध गतिविधियों और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपितों तक पहुंची।
पुलिस ने मिट्ठूमुड़ा, बजरंगपारा और सांगीतराई क्षेत्रों में दबिश देकर 19 वर्षीय राजेश्वर सारथी उर्फ समारू को गिरफ्तार किया। इसके अलावा चार नाबालिगों को भी अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर हत्याकांड का पर्दाफाश करने का दावा किया है।
वारदात में इस्तेमाल चाकू और मोटरसाइकिल जब्त
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल बटन चाकू, खून से सने कपड़े और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में आरोपितों के नशे और चोरी-लूट की अन्य गतिविधियों से जुड़े होने की बात भी सामने आई है। पुलिस इन तथ्यों की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान करने में जुटी पुलिस
पुलिस ने हत्या और संगठित अपराध से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों और क्षेत्रों से जानकारी जुटाई जा रही है।
महज 700 रुपये के लिए हुई इस हत्या ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था और नशे की गिरफ्त में आ रहे युवाओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।





