कोरबा। जिले में विभागीय परीक्षा में निर्धारित अवसरों के बावजूद सफल नहीं होने पर एक पटवारी की सेवा समाप्त कर दी गई है। कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा ने पाली तहसील के हल्का नंबर-01 सपलवा में पदस्थ पटवारी रविन्द्र कुमार बंजारे को तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक करने का आदेश जारी किया है।

जानकारी के अनुसार, रविन्द्र कुमार बंजारे को वर्ष 2015 में पटवारी प्रशिक्षु के पद पर अनुकंपा नियुक्ति दी गई थी। इसके बाद उन्हें प्रशिक्षण के लिए पटवारी प्रशिक्षण केंद्र बिलासपुर भेजा गया। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद आयोजित विभागीय परीक्षा में वे निर्धारित चार अवसरों में भी उत्तीर्ण नहीं हो सके।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशों के मुताबिक विभागीय परीक्षा में चार अवसरों तक असफल रहने की स्थिति में नियुक्ति समाप्त करने का प्रावधान है। भू-अभिलेख आयुक्त कार्यालय की ओर से भी स्पष्ट किया गया था कि ऐसे प्रशिक्षणार्थियों को पांचवां अवसर देने का नियम नहीं है।

दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए दिया गया था अंतिम मौका

कार्यालय की ओर से 13 अगस्त 2026 को रविन्द्र कुमार बंजारे को अंतिम सूचना पत्र जारी किया गया था। उन्हें 20 अगस्त तक विभागीय परीक्षा उत्तीर्ण करने से संबंधित आदेश, अंकसूची, राजपत्र या अन्य प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया, लेकिन तय समय तक कोई दस्तावेज जमा नहीं किया गया।

इसके बाद नियमों और शासन के निर्देशों के आधार पर कलेक्टर कोरबा ने 24 अगस्त 2026 को आदेश जारी कर उनकी पटवारी पद पर नियुक्ति समाप्त कर दी और तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक कर दिया।