ऑपरेशन आघात के तहत पुसौर पुलिस की कार्रवाई, गांजा सप्लाई करने वाले युवक और खरीदार को दबोचा; 2.40 लाख रुपये का सामान जब्त
रायगढ़, 26 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुसौर थाना पुलिस ने ओडिशा से गांजा लेकर आ रहे युवक को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ के दौरान गांजा मंगाने वाले व्यक्ति का नाम भी सामने आया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 893 ग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन सहित करीब 2 लाख 40 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि एक युवक मोटरसाइकिल से ओडिशा की ओर से गांजा लेकर आ रहा है। इसके बाद पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम बड़े भंडार में मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी की।
जांच के दौरान होंडा शाइन एसपी 125 बाइक क्रमांक CG 11 BR 3641 पर सवार युवक को रोककर तलाशी ली गई। उसके बैग से तीन पैकेट में रखा 2 किलो 893 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
14,850 रुपये के लेनदेन से खुला दूसरा राज
पकड़े गए युवक की पहचान लब सा (30) के रूप में हुई, जो ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले का रहने वाला है। पूछताछ में उसने रायगढ़ के बरमुड़ा निवासी राजू दास महंत (39) के लिए गांजा लाने की जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, राजू दास महंत ने तीन किलो गांजा मंगाने के लिए कियोस्क बैंक ग्राहक सेवा केंद्र के जरिए 14,850 रुपये ट्रांसफर किए थे। इस खुलासे के बाद पुलिस ने राजू को भी गिरफ्तार कर लिया।
गांजा, बाइक और मोबाइल समेत 2.40 लाख की जब्ती
पुलिस ने आरोपियों से करीब 1.40 लाख रुपये कीमत का गांजा, 50 हजार रुपये की मोटरसाइकिल और लगभग 50 हजार रुपये के दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 2.40 लाख रुपये बताई गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
पुसौर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





