रायपुर। राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर सोमवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए। इस मुद्दे पर जमकर हंगामा और तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी।
स्थगन प्रस्ताव स्वीकार नहीं किए जाने पर विपक्ष ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पहली बार कार्यवाही स्थगित होने के बाद जब सदन दोबारा शुरू हुआ, तब भी दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस जारी रही। सदन में दोनों ओर से "जय श्री राम" के नारे लगे। कांग्रेस विधायक "पॉकेट मारना बंद करो" के नारे लगाते रहे, जबकि सत्ता पक्ष के विधायक "पाप धोने अयोध्या जाओ" कहकर पलटवार करते नजर आए। बढ़ते हंगामे को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सदन की कार्यवाही अगले दिन तक के लिए स्थगित कर दी।
सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने मीडिया से चर्चा में कहा कि आज का दिन छत्तीसगढ़ विधानसभा के इतिहास में "काला दिन" के रूप में दर्ज होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी के मुद्दे पर चर्चा कराना चाहता था, लेकिन इसकी अनुमति नहीं दी गई।
महंत ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए प्रदेश के लाखों लोगों ने श्रद्धा के साथ चंदा दिया था। ऐसे में चढ़ावे और चंदे में कथित गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है। उन्होंने इस पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि सच्चाई सामने आनी चाहिए।




