रायपुर। बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (CISCE) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 12वीं की परीक्षाएं 9 फरवरी और 10वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। इस बार कुछ विषयों की परीक्षा के समय में भी बदलाव किया गया है।
मार्च तक 10वीं और अप्रैल तक चलेंगी 12वीं की परीक्षाएं
जारी समय-सारिणी के मुताबिक, ICSE बोर्ड की 10वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से 31 मार्च 2027 तक आयोजित की जाएंगी। वहीं, ISC बोर्ड की 12वीं की परीक्षाएं 9 फरवरी से शुरू होकर 8 अप्रैल 2027 तक चलेंगी। परीक्षा की तारीखें घोषित होने के बाद विद्यार्थी अब अपनी पढ़ाई और रिवीजन का कार्यक्रम तैयार कर सकेंगे।
करीब 3.80 लाख विद्यार्थी देंगे परीक्षा
इस बार दोनों कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाओं में कुल 3,79,980 छात्र-छात्राओं के शामिल होने की संभावना है। इनमें 10वीं के 2,69,955 और 12वीं के 1,10,025 विद्यार्थी शामिल हैं। दसवीं की परीक्षा के लिए 2,835 और बारहवीं के लिए 1,477 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
परीक्षा शुरू होने से पहले पहुंचना होगा केंद्र
बोर्ड ने 10वीं के कुछ प्रश्नपत्रों के समय में बदलाव किया है। सुबह 10:15 बजे शुरू होने वाली परीक्षाओं के लिए विद्यार्थियों को 10 बजे प्रश्नपत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। परीक्षार्थियों को सुबह 9:45 बजे तक अपनी निर्धारित सीट पर बैठना होगा।
वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे टाइम टेबल
परीक्षार्थी CISCE की आधिकारिक वेबसाइट cisce.org पर जाकर विषयवार परीक्षा कार्यक्रम देख सकते हैं। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय-सारिणी के अनुसार अपनी तैयारी करें और परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का विशेष ध्यान रखें।







