रायपुर। भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि महिलाओं को समाज के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लगातार अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब केवल शहरी ही नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं भी आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत हो रही हैं।
मीडिया से चर्चा के दौरान रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले कई महिलाओं को अपने दैनिक खर्चों के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं। विभिन्न सरकारी योजनाओं और अवसरों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं।
2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में महिलाओं की अहम भूमिका
राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी की मौजूदगी में आयोजित प्रेस वार्ता में रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है।
उन्होंने कहा कि भारत को विश्व का नेतृत्व करने वाला राष्ट्र बनाने की परिकल्पना में महिलाओं की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण होगी। देश की महिलाएं अब केवल घरेलू जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय योगदान दे रही हैं।
तीन करोड़ महिलाएं बनीं लखपति दीदी
रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि देश में करीब तीन करोड़ महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। उन्होंने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा बदलाव बताया।
देश की आर्थिक वृद्धि दर में बढ़ोतरी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद विकास दर में तेजी आई है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और नेतृत्व को श्रेय दिया।





