7 अक्टूबर से विनीत कुमार दुबे का परिवार से संपर्क टूटा, बंधक बनाकर मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप; बहन ने कलेक्टर और एसएसपी से मांगी मदद

बिलासपुर, 26 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से रोजगार की तलाश में रूस गए युवक के लापता होने का मामला सामने आया है। बिल्हा निवासी विनीत कुमार दुबे 7 अक्टूबर से परिवार के संपर्क में नहीं है। परिजनों का आरोप है कि रूस में उसे बंधक बनाकर युद्ध में शामिल होने के लिए दबाव बनाया गया। इनकार करने पर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की गई। युवक की सुरक्षित वापसी के लिए परिवार ने जिला प्रशासन और पुलिस से मदद मांगी है।


टेलीग्राम ग्रुप से मिली थी नौकरी की जानकारी

परिजनों के अनुसार, विनीत को टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से रूस में नौकरी का प्रस्ताव मिला था। बेहतर रोजगार की उम्मीद में वह विदेश रवाना हुआ और 1 अक्टूबर को मॉस्को पहुंचा। शुरुआत में उसका परिवार से संपर्क बना रहा, लेकिन कुछ दिनों बाद परिस्थितियां बदल गईं।


मॉस्को से वोल्गोग्राद ले जाने का आरोप

परिवार का कहना है कि रूस पहुंचने के बाद विनीत को पहले मॉस्को के एक होटल में रखा गया। इसके बाद उसे वोल्गोग्राद शहर ले जाकर एक अपार्टमेंट में ठहराया गया। आरोप है कि उसे भारतीय दूतावास से संपर्क करने की अनुमति भी नहीं दी गई।


युद्ध में जाने से मना किया तो प्रताड़ित करने का दावा

विनीत की बहन आशी दुबे के मुताबिक, 7 अक्टूबर की सुबह कुछ लोग उसके भाई को कार में बैठाकर अज्ञात स्थान पर ले गए। वहां उस पर युद्ध में शामिल होने के लिए दबाव बनाया गया।

परिजनों का आरोप है कि इनकार करने पर विनीत के साथ मारपीट की गई और उसे भूखा रखकर प्रताड़ित किया गया। परिवार ने उसे नशीले पदार्थों से जुड़े झूठे मामले में फंसाने की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


दूसरे युवक से मिली जानकारी, परिवार की बढ़ी चिंता

परिवार के अनुसार, किशोर नामक युवक ने व्हाट्सएप के जरिए विनीत के साथ हुई कथित घटनाओं की जानकारी दी थी। इसके बाद से परिजन लगातार उसकी तलाश में मदद मांग रहे हैं। फिलहाल विनीत कहां है और किस स्थिति में है, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।


विदेश मंत्रालय और रूसी दूतावास से मांगी सहायता

विनीत की बहन आशी दुबे ने बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह से मुलाकात कर भाई की सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार, बिलासपुर पुलिस ने मामले में भारत के विदेश मंत्रालय और रूसी दूतावास को पत्र लिखकर सहायता मांगी है। अधिकारियों से युवक का पता लगाने और उसकी सुरक्षित भारत वापसी के लिए सहयोग करने का अनुरोध किया गया है।