बीमा कंपनी में कार्यरत 25 वर्षीय युवती को ग्राहक बनकर झांसे में लेने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक पर लॉज में ले जाकर दुष्कर्म करने और धमकी देने का आरोप, पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश तेज की।

बिलासपुर, 31 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बीमा कंपनी की महिला कर्मचारी से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि रैपिडो बाइक चालक ने बीमा पॉलिसी खरीदने का झांसा देकर 25 वर्षीय युवती को स्टेशन रोड स्थित एक लॉज में बुलाया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर तारबाहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।


रैपिडो बुकिंग के दौरान हुई थी पहचान

जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी युवती बिलासपुर के व्यापार विहार स्थित एक निजी जीवन बीमा कंपनी में कार्यरत है। 27 अक्टूबर को उसने रायपुर जाने के लिए रैपिडो बाइक बुक की थी। इस दौरान दयालबंद निवासी चालक अभिषेक सलूजा उसे रेलवे स्टेशन छोड़ने पहुंचा।

सफर के दौरान दोनों के बीच बातचीत हुई और मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान हुआ। युवती ने आरोपी को अपने बीमा कंपनी में काम करने की जानकारी दी थी।


दिवाली से पहले पॉलिसी खरीदने का दिया भरोसा

आरोप है कि 28 अक्टूबर को अभिषेक ने युवती से संपर्क कर बीमा पॉलिसी लेने की इच्छा जताई। बातचीत के दौरान उसने दिवाली से पहले पॉलिसी खरीदने की बात कही और शांत जगह पर बैठकर पूरी जानकारी समझने का प्रस्ताव रखा।

इसके बाद वह युवती को स्टेशन रोड स्थित एक लॉज में ले गया। पीड़िता का आरोप है कि कमरे में पहुंचने के बाद युवक ने दरवाजा बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर धमकी दी और वहां से फरार हो गया।


आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश

पीड़िता की शिकायत पर तारबाहर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के अनुसार, आरोपी की तलाश में उसके घर सहित संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।


लॉज संचालक की भूमिका भी जांच के घेरे में

पुलिस जांच में लॉज की व्यवस्था को लेकर भी सवाल सामने आए हैं। शिकायत के अनुसार, संचालक ने युवती का पहचान पत्र लिया था, जबकि आरोपी युवक से पहचान पत्र नहीं लिया गया। इसके बावजूद उसे कमरा नंबर 124 की चाबी दे दी गई।

थाना प्रभारी सनिप रात्रे के मुताबिक, लॉज संचालक को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है।

फिलहाल आरोपी फरार है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी और आगे की पूछताछ के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्य सामने आने की संभावना है।