बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में जमीन की खरीद-बिक्री के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने दूसरे के नाम दर्ज जमीन का सौदा कर खरीदार से 10 लाख रुपये अग्रिम ले लिए। इसके बाद जमीन की रजिस्ट्री कराने के बजाय लगातार टालमटोल करता रहा। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी प्रफुल्ल झा को गिरफ्तार कर लिया है।

70 लाख रुपये प्रति एकड़ में हुआ था जमीन का सौदा

जानकारी के मुताबिक, दयालबंद निवासी विशालचंद्र केसरी ने भारतीय नगर के रहने वाले प्रफुल्ल झा से अमेरी क्षेत्र में जमीन खरीदने का सौदा किया था। जमीन की कीमत 70 लाख रुपये प्रति एकड़ तय हुई थी। दोनों के बीच 10 दिसंबर 2025 को अनुबंध हुआ। इसके बाद खरीदार ने बैंक के माध्यम से 10 लाख रुपये अग्रिम राशि का भुगतान किया।

दस्तावेजों की जांच में सामने आई गड़बड़ी

शिकायतकर्ता का आरोप है कि सौदे में शामिल कुछ जमीनें अन्य व्यक्तियों के नाम पर दर्ज थीं। इनमें खसरा नंबर 232 की 0.2430 हेक्टेयर जमीन चंद्रकली बाई के नाम पर दर्ज है, जो गोंड आदिवासी समुदाय से संबंधित हैं।

आरोप है कि जमीन की वास्तविक स्थिति छिपाकर उसे बेचने का अनुबंध किया गया। वहीं, बिक्री का अधिकार साबित करने के लिए प्रस्तुत मुख्तियारनामे की वैधता पर भी सवाल उठाए गए हैं।

पैसे लेने के बाद रजिस्ट्री से किया इनकार

पीड़ित के मुताबिक, अग्रिम भुगतान करने के बाद जब उसने जमीन की रजिस्ट्री कराने की बात कही, तो आरोपी अलग-अलग बहाने बनाने लगा। कई बार संपर्क करने के बावजूद जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई गई। इसके बाद खरीदार ने अपने स्तर पर दस्तावेजों की जानकारी जुटाई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायतकर्ता ने मसानगंज और तोरवा क्षेत्र की अन्य जमीनों के सौदों में भी अनियमितता का आरोप लगाया है।

पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का मामला

मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दस्तावेजों और लेनदेन से जुड़ी जानकारी के आधार पर आरोपी प्रफुल्ल झा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336, 338 और 340 के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अब जमीन के स्वामित्व, अनुबंध और मुख्तियारनामे से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता और कथित धोखाधड़ी से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।