जशपुर। बिहान योजना से जुड़कर ग्रामीण महिलाएं आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा रही हैं। जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के टांगरगांव की संज्योति चौहान भी ऐसी ही महिलाओं में शामिल हैं। स्व सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने बैंक सखी के रूप में काम शुरू किया और आज अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

संज्योति चांदनी स्व सहायता समूह की सदस्य हैं। समूह से जुड़ने के बाद उन्हें सरकारी योजनाओं और वित्तीय सहायता का लाभ मिला। इसी सहयोग को उन्होंने रोजगार का जरिया बनाया और गांव में बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करानी शुरू कीं।

2019 से बैंक सखी के रूप में कर रहीं काम

संज्योति वर्ष 2019 से ग्रामीण बैंक से संबद्ध बैंक सखी के रूप में काम कर रही हैं। इसके साथ ही वह किराना दुकान भी संचालित करती हैं। बैंक सखी के रूप में वह ग्रामीणों को उनके गांव में ही कई जरूरी बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध करा रही हैं।

उनके माध्यम से हर महीने करीब 8 से 9 लाख रुपये का लेन-देन किया जाता है। इससे उन्हें नियमित आमदनी भी हो रही है।

डिजिटल भुगतान से बीमा तक की सुविधा

संज्योति ग्रामीणों को सामान्य बैंकिंग लेन-देन के साथ डिजिटल भुगतान, बीमा और दूसरी वित्तीय सेवाएं भी उपलब्ध करा रही हैं। इससे लोगों को छोटे-छोटे बैंकिंग कार्यों के लिए दूर स्थित बैंक शाखाओं तक जाने की जरूरत कम हुई है।

उनका काम न सिर्फ उनके लिए आजीविका का साधन बना, बल्कि आसपास के ग्रामीणों के लिए भी बैंकिंग सेवाओं तक पहुंच आसान करने में मददगार साबित हो रहा है।

68 हजार रुपये का ऋण लेकर शुरू किया काम

संज्योति के मुताबिक बैंक सखी के रूप में काम शुरू करने के लिए उन्होंने स्व सहायता समूह के माध्यम से 68 हजार रुपये का ऋण लिया था। इसी राशि से उन्होंने जरूरी संसाधन जुटाए और धीरे-धीरे अपने काम को आगे बढ़ाया।

आज वह बैंक सखी और किराना व्यवसाय से आय अर्जित कर परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं।

दूसरी महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा

संज्योति की सफलता बताती है कि स्व सहायता समूहों और आजीविका से जुड़ी योजनाओं का सही उपयोग ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार और आय के नए रास्ते खोल सकता है।

प्रदेश में बिहान योजना के माध्यम से महिलाओं को स्व सहायता समूहों से जोड़कर आजीविका गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। संज्योति ने अपनी उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और शासन की योजनाओं के प्रति आभार जताया है।