रायपुर। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राजधानी रायपुर में बुधवार को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस रोजगार मेले के जरिए निजी क्षेत्र की आठ कंपनियां कुल 877 पदों पर सीधी भर्ती करेंगी।
रोजगार मेला जिला रोजगार कार्यालय, सिविल लाइंस, रायपुर में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा। इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा। मेले में अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता और तकनीकी दक्षता रखने वाले उम्मीदवारों को रोजगार का अवसर मिलेगा।
10वीं पास से लेकर स्नातक तक के युवाओं के लिए मौका
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए न्यूनतम योग्यता 10वीं पास रखी गई है। इसके अलावा 12वीं, स्नातक और आईटीआई पास उम्मीदवार भी विभिन्न पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे।
वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, फिटर, डिप्लोमा धारक और कृषि से संबंधित योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए भी रोजगार के अवसर उपलब्ध रहेंगे।
ऑनलाइन पंजीयन और आवेदन जरूरी
रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को पहले ऑनलाइन पंजीयन और आवेदन करना होगा। उम्मीदवार erojgar.cg.gov.in पोर्टल या छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं।
रोजगार विभाग ने पात्र युवाओं से समय पर आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।





