रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, प्रदेश के रायपुर और राजनांदगांव जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है। स्वाइन फ्लू के मामलों के बीच कोरोना संक्रमण सामने आने से स्वास्थ्य अमला सतर्क हो गया है।
जानकारी के मुताबिक, रायपुर में मिले कोरोना संक्रमित मरीज का इलाज होम आइसोलेशन में किया जा रहा है। वहीं, राजनांदगांव में संक्रमित मरीज को अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। दोनों मरीजों की स्थिति पर स्वास्थ्य विभाग लगातार नजर बनाए हुए है।
संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की हो रही पहचान
स्वास्थ्य विभाग ने दोनों मरीजों के संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग शुरू कर दी है। संक्रमित मरीजों के परिजनों और नजदीकी संपर्क में आए लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
लक्षण दिखें तो तुरंत कराएं जांच
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि सर्दी, खांसी, बुखार या कोरोना से जुड़े अन्य लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न करें और चिकित्सकीय सलाह लेकर जांच कराएं। विभाग ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने और संक्रमण से बचाव के जरूरी उपाय अपनाने की सलाह दी है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार आगे कदम उठाए जाएंगे।





