रायपुर। भाजपा के रैप सॉन्ग को लेकर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने भाजपा पर पलटवार करते हुए इटली से जुड़े राजनीतिक आरोपों को लेकर तंज कसा। बघेल ने कहा कि भाजपा के लोग ही “इटली का चश्मा” लगाए हुए हैं और उन्होंने अपने बयान में आरएसएस की वेशभूषा तथा हिटलर का संदर्भ देते हुए भाजपा पर निशाना साधा।

भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा को इटली से कितना प्रेम है, इसे “मेलोडी खाओ, खुद जान जाओ” से समझा जा सकता है। उन्होंने सोनिया गांधी को लेकर कहा कि राजीव गांधी से विवाह के बाद उन्होंने भारत को अपना देश बनाया और उन्हें भारतीय नारी के रूप में देखा जाता है।

इसी दौरान बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए सवाल किया कि वे अपनी पत्नी को प्रधानमंत्री आवास कब लाएंगे।


राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO की नियुक्ति पर उठाए सवाल

राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO की नियुक्ति को लेकर भी भूपेश बघेल ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि एक सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी को CEO बनाया गया है तो इससे यह सवाल उठता है कि क्या सरकार को अपने अधिकारियों और कर्मचारियों पर भरोसा नहीं है।

बघेल ने भाजपा, आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने चंपत राय पर आरोप लगाते हुए कहा कि इससे लोगों की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंची है।


UP में कांग्रेस-SP गठबंधन पर बोले- हाईकमान करेगा फैसला

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के संभावित गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर भूपेश बघेल ने कहा कि इस संबंध में अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान करेगा। उन्होंने साफ किया कि गठबंधन जैसे बड़े राजनीतिक फैसले केंद्रीय नेतृत्व के स्तर पर तय किए जाते हैं।


GDP ग्रोथ के आंकड़ों पर भी उठाए सवाल

देश की 7.8 प्रतिशत GDP ग्रोथ के दावे पर भी भूपेश बघेल ने सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि विकास केवल आंकड़ों में नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देना चाहिए।

बघेल के मुताबिक, यदि अर्थव्यवस्था वास्तव में तेजी से बढ़ रही है तो इसका असर निर्माण कार्यों, रोजगार और आम लोगों को मिलने वाली सुविधाओं में भी नजर आना चाहिए। उन्होंने सरकार के आर्थिक दावों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर लोगों को अपेक्षित राहत और सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।