भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में एकतरफा प्रेम में पागल युवक ने 19 वर्षीय बी-फार्मेसी छात्रा की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी युवती पर शादी का दबाव बना रहा था। जब युवती ने उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया, तो गुस्से में उसने किराए के कमरे में घुसकर पहले गला दबाया और फिर चाकू से ताबड़तोड़ 10 वार कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।


नंबर ब्लॉक करने से बौखलाया आरोपी

पुलिस के अनुसार, बलौदाबाजार निवासी पिंटू साहू लंबे समय से बेमेतरा की रहने वाली 19 वर्षीय खुशी साहू से एकतरफा प्रेम करता था। वह बार-बार अलग-अलग नंबरों से कॉल कर उसे परेशान करता था। लगातार हो रही परेशानियों से तंग आकर खुशी ने उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया था।


सहेली को फोन कर पहुंचा कमरे तक

घटना शुक्रवार सुबह वैशाली नगर थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित किराए के कमरे की है। आरोपी ने पहले खुशी को फोन किया, लेकिन नंबर ब्लॉक होने के कारण बात नहीं हो सकी। इसके बाद उसने खुशी की सहेली को फोन किया। सहेली ने बताया कि खुशी के पास अभी मोबाइल नहीं है। इसके बाद आरोपी सीधे बाइक से उसके किराए के कमरे पर पहुंच गया।

उस समय खुशी कमरे में अकेली थी, जबकि उसकी सहेली बाथरूम में थी।


पहले गला दबाया, फिर चाकू से किए 10 वार

पुलिस जांच के मुताबिक, कमरे में पहुंचते ही आरोपी ने खुशी से विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर उसने पहले युवती का गला दबाया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद चाकू से उसकी पीठ, पेट और हाथ पर करीब 10 वार किए। अधिक खून बहने के कारण खुशी की मौके पर ही मौत हो गई।

हमले के दौरान आरोपी के हाथ में भी चोट आई, जिसके बाद वह घटनास्थल से फरार हो गया।


शादी के लिए बना रहा था दबाव

बाथरूम से बाहर आने पर सहेली ने खुशी को खून से लथपथ देखा और तुरंत मकान मालिक व डायल-112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस घायल छात्रा को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से खुशी को अलग-अलग नंबरों से कॉल कर परेशान कर रहा था। दो दिन पहले उसने खुशी के भाई और उसके कैफे संचालक को भी धमकी दी थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी चाहता था कि खुशी अपनी पार्ट-टाइम नौकरी छोड़कर उससे शादी कर ले।