डोंगरगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव विकासखंड स्थित बीजेभांटा हाई स्कूल में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मधुमक्खियों का एक झुंड अचानक कक्षा में घुस आया। हमले में 72 छात्र-छात्राएं मधुमक्खियों के डंक से घायल हो गए। समय पर चिकित्सा मिलने से सभी बच्चों की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।


प्रार्थना के बाद कक्षा में हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे प्रार्थना समाप्त होने के बाद कक्षा 10 के विद्यार्थी अपनी-अपनी कक्षाओं में बैठे थे। तभी स्कूल परिसर के पीछे बने छत्ते से निकला मधुमक्खियों का झुंड खिड़की के रास्ते कक्षा में घुस गया और बच्चों पर हमला कर दिया।

अचानक हुए हमले से कक्षा में चीख-पुकार मच गई। जान बचाने के लिए छात्र-छात्राएं इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कई बच्चे एक-दूसरे से टकराकर गिर पड़े, जबकि कई के चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर मधुमक्खियों ने डंक मार दिए।


स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, डोंगरगांव को जानकारी दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रागिनी चंद्रे ने धर्मेंद्र मांडवी के नेतृत्व में मेडिकल टीम को मौके पर भेजा।


32 बच्चों का अस्पताल में इलाज, 40 को स्कूल में ही मिला उपचार

स्वास्थ्य विभाग ने 32 विद्यार्थियों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया, जबकि 40 बच्चों को स्कूल परिसर में लगाए गए विशेष चिकित्सा शिविर में प्राथमिक उपचार और आवश्यक दवाइयां दी गईं।

इलाज के बाद सभी बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति पर निगरानी रखी गई। चिकित्सकों ने बताया कि सभी छात्र-छात्राएं अब खतरे से बाहर हैं और उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।


स्कूल में दहशत, प्रशासन सतर्क

घटना के बाद स्कूल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए बच्चों का तत्काल उपचार सुनिश्चित किया। अब स्कूल परिसर में बने मधुमक्खियों के छत्ते को सुरक्षित तरीके से हटाने की तैयारी की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।