रायपुर। राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र स्थित बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 19 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा के शरीर और गले पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस हत्या की आशंका के एंगल से भी जांच कर रही है। मामले में छात्रा के साथ रह रहे युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मृतका भारती नेताम कांकेर जिले के कोकपुर गांव की रहने वाली थी और रायपुर के विकास महाविद्यालय में बीएड की पढ़ाई कर रही थी। वह पिछले करीब छह से सात माह से कोंडागांव निवासी सावंत बघेल, जो रावतपुरा सरकार महाविद्यालय का छात्र है, के साथ बोरियाकला स्थित किराए के मकान में रह रही थी।

मृतका की बड़ी बहन देविका नेताम ने पुलिस को बताया कि सावंत को भारती पर किसी अन्य युवक से संपर्क होने का शक था। इसी बात को लेकर वह अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। बहन के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले भारती ने फोन कर बताया था कि उसके साथ फिर मारपीट की गई है और वह अपने गांव लौटना चाहती है, लेकिन उसके पास पैसे नहीं हैं। इस पर उसने ऑनलाइन 3 हजार रुपये भेजे थे।

परिजनों के अनुसार, 4 अगस्त की रात उन्हें सूचना मिली कि भारती को गंभीर हालत में मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया है, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन अगले दिन रायपुर पहुंचे। उन्होंने शव पर बाईं आंख के नीचे, ठुड्डी और गर्दन के पीछे चोट तथा खून जमने के निशान देखे, जिसके बाद हत्या की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मुख्य संदेही सावंत बघेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच जारी है।